नई दिल्ली में बुधवार से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श कार्यक्रम की तैयारियां झारखंड सरकार के विभागों ने पूरी कर ली है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए खास तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, उद्योग, पर्यटन, आइटी समेत कई विभागों के सचिव नई दिल्ली पहुंच गए हैं।
पहले दिन बुधवार को गूगल, माइक्रोसाफ्ट जैसी बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ झारखंड के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्ताववित है। इस दौरान इन कंपनियों से प्राप्त निवेश के प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
दिल्ली पहुंचे हेमंत सोरेन और अधिकारी
झारखंड सरकार की टेक्स्टाइल पालिसी और अन्य नई नीतियों को लेकर व्यापक चर्चा के लिए बुधवार और गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के हितधारक परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। होटल ताज में नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, आइटी सचिव, उद्योग सचिव आदि अधिकारी नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के उद्योगपति, टेक्सटाइल क्षेत्र के विशेषज्ञ, विनिर्माण क्षेत्र के प्रतिनिधि, अर्थशास्त्री और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान नीतियों के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा होगी और विशेषज्ञ अपने सुझाव सरकार के समक्ष रखेंगे।
पहले दिन बुधवार को देश-विदेश की लगभग 100 अग्रणी टेक एवं आईटी कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधियों के तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी दो अलग-अलग सत्रों में बैठक करेंगे।

