रांची: अब तक कैदियों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए चर्चित रहने वाला होटवार जेल जल्द ही एक नई पहचान बनाने जा रहा है। जिस परिसर को लोग जेल के रूप में जानते हैं, वहां अब शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी, बारातें आएंगी और शादी-ब्याह के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
दरअसल, होटवार जेल परिसर में स्थित विशाल कम्युनिटी हॉल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आम लोगों के लिए किराए पर उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। जेल आईजी के निर्देश पर इस हॉल का नवीनीकरण कराया जा रहा है, जिस पर करीब 87 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि दिसंबर तक काम पूरा कर लिया जाए और इसके बाद हॉल की बुकिंग शुरू कर दी जाए।
जेल अधीक्षक के. चंद्रशेखर और जेलर लवकुश कुमार की निगरानी में चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत हॉल को पूरी तरह नया रूप दिया जा रहा है। आकर्षक टाइल्स, आधुनिक झूमर, बेहतर लाइटिंग और अन्य सुविधाओं से इसे सुसज्जित किया जा रहा है ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
करीब 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बने इस कम्युनिटी हॉल में एक बड़ा स्टेज भी तैयार किया गया है। इसके बावजूद यहां लगभग 4 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
आयोजन में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए जेल परिसर के सामने स्थित खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं सुरक्षा को लेकर भी विशेष योजना बनाई गई है। आयोजन स्थल और जेल के संवेदनशील हिस्सों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी। हॉल तक पहुंचने के लिए अलग प्रवेश और निकासी मार्ग तैयार किए जाएंगे।

