बिहार के खगड़िया जिले में कार्यरत महिला अमीन का शव बुधवार को उनके किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
2023 में अमीन पद पर हुआ था चयन
मृतका कटिहार जिले के समेली थाना क्षेत्र के कोठिया वार्ड संख्या-4, चकला मौला नगर पंचायत की रहने वाली थीं। वर्ष 2023 में उन्होंने अमीन की परीक्षा पास की थी और इसके बाद उनका चयन इस पद पर हुआ था। परिवार के अनुसार मृतका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता खेती करने के साथ-साथ टेंट और डेकोरेशन का काम भी करते हैं। उनका छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटी बहन इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है।
मौके पर पहुंचे कई प्रशासनिक अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए गोगरी एसडीओ संजय कुमार, डीसीएलआर राजकुमार, गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर, अंचल अधिकारी आमिर हुसैन और गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को सभी संभावित पहलुओं से जांच करने का निर्देश दिया।

