रांची:झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मंगलवार को इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
24 जून को कहीं बारिश तो कहीं हीट वेव की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी बढ़ने की संभावना है. 24 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तर-मध्य हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई स्थानों पर गर्जन और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं.
इसके साथ ही 24 जून को पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में हीट वेव यानी उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.
25 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है. आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी का असर जारी रह सकता है

