पेंड्रा के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की लूट एवं हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जीपीएम पुलिस, जिला साइबर सेल जीपीएम एवं रेंज साइबर थाना की संयुक्त टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.
व्यापारी मर्डर केस में अब तक 3 गिरफ्तार
व्यापारी की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी का नाम राहुल उर्फ मनीष मंडल है. उम्र 30 वर्ष और बिहार के बांका जिले का का रहने वाला है. आरोपी को झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह से गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में झारखंड STF और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही रही.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी की गई है. झारखंड से राहुल उर्फ मनीष मंडल को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी को रिमांड पर ले लिया गया है. पकड़े गए तीनों आरोपियों ने मिलकर व्यापारी पर गोली चलाई थी, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है.
आरोपी के पास से सोने चांदी के जेवर मिले
एएसपी ने बताया कि राहुल उर्फ मनीष मंडल के पास से लूटा हुआ सामान भी बरामद किया गया है. आरोपी की निशानदेही पर उसके हिस्से के लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, 04 मोबाइल हैंडसेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है. एएसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने टीम लगातार कार्रवाई कर रही है

