रांची। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का 44वां जन्मदिन शनिवार को रांची में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नई विधानसभा क्षेत्र स्थित क्वार्टर नंबर 58 में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चतरा विधायक सह झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश प्रधान महासचिव रंजन कुमार उर्फ पप्पू सिंह, रातू प्रखंड अध्यक्ष सुनीता देवी, महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी, जिला संगठन मंत्री रवि रंजन शर्मा, प्रतिज्ञा कुमार सिंह और रांची जिला अध्यक्ष देश सोनी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर केक काटा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन एवं दीर्घायु होने की कामना की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

मौके पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का काम कर रही है। जन्मदिन के इस आयोजन ने पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता, आपसी भाईचारे और संगठन के प्रति समर्पण की भावना को भी प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा देवी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को 44वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

