धनबाद. आइआइटी आइएसएम धनबाद में शनिवार सुबह पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र प्रतीक राजकुमार माने की मौत हो गयी. वह संस्थान के एक्वा मरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से नीचे गिर गया था. घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बतायी जा रही है. उसे तत्काल अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
प्रतीक महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के अहमदपुर प्रखंड का रहने वाला था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह हॉस्टल के कमरे की बालकनी से नीचे सड़क पर गिरा था. यह सड़क सफायर हॉस्टल के सामने स्थित है. घटना की सूचना मिलने के बाद संस्थान के मुख्य सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर ने छात्र के पिता राजकुमार माने को इसकी जानकारी दी. धनबाद थाना को भी घटना से अवगत कराया गया है. पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
25 अक्टूबर को ही लौटा था संस्थान
हॉस्टल में साथ रहने वाले छात्रों के अनुसार, प्रतीक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था. बताया गया कि इसी वजह से परिजनों ने पिछले महीने उसे घर बुला लिया था. वह 25 अक्टूबर को ही वापस संस्थान लौटा था. हालांकि, उसके तनाव के कारणों और घटना से उसके किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

