बिहार के मधुबनी जिले में बलिराजगढ़ में सोमवार रात एक घर में घुसे पुलिस के जवान ने गोलियां बरसाकर एक जान ले ली, जबकि तीन और घायल हैं। बताया जाता है कि इलाके में चल रही खुदाई की सुरक्षा के लिए तैनात जवान के घर में घुसने के बाद बच्ची की चीख पर गांव के लोग जुट गए थे, जिसके बाद उसने अंदर से फायरिंग शुरू कर दी और भाग निकला। इस फायरिंग में एक आदमी की मौत वहीं हो गई, जवान की फायरिंग में तीन और लोगों को गोली लगी है, जो घायल हालत में इलाज करवा रहे हैं। एक महिला की हालत गंभीर है।
महिला के घर आने-जाने को लेकर हुआ विवाद
एसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, ऐतिहासिक बलीराजगढ़ में खुदाई की सुरक्षा के लिए एक एएसआई की तैनाती की गई थी। वह गांव की ही रहने वाली फूलों देवी के घर सामान लाने के लिए आता-जाता था। इसी दौरान एएसआई और महिला के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई। बताया गया कि सोमवार की रात ग्रामीणों ने एएसआई को महिला के साथ पकड़ लिया और उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, घटना के दौरान क्या हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
गोली लगने से अशोक यादव की मौत, तीन घायल
इस गोलीबारी में 45 वर्षीय अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 40 वर्षीय फूलों देवी, 50 वर्षीय बिजेंद्र यादव और 45 वर्षीय धनीकलाल यादव घायल हो गए। सभी बलीराजगढ़ गांव के निवासी बताए गए हैं। गोली किसी को पैर में लगी, जबकि एक व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। तीसरे घायल के सिर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

