संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद आतंकी हमीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उसकी महिला मित्र अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ का दावा है कि अर्पिता केवल हमीम की परिचित नहीं, बल्कि पूरे संदिग्ध आतंकी माड्यूल की सक्रिय सदस्य थी।
उसे ट्रांजिट रिमांड पर बर्द्धमान लाया गया है और अदालत से हिरासत लेकर दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।
गुरुवार को गिरफ्तार हुआ था हमीम मंडल
बता दें कि बंगाल एसटीएफ ने गुरुवार को पूर्व बर्द्धमान के एक आवासीय परिसर के जिम से हमीम मंडल को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ का दावा है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ, कुख्यात गैंग्सटर शहजाद भट्टी, पुलवामा हमले के आरोपित सज्जाद भट के नेटवर्क के संपर्क में था।
जांच एजेंसी के अनुसार, हमीम और अर्पिता के बीच हुई कई वाट्सएप चैट से पूरे नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। चैट से यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों को अलग-अलग ‘असाइनमेंट’ दिए जाते थे।
एसटीएफ के अनुसार, सामान्य फोन कॉल के बजाय दोनों एक विशेष एन्क्रिप्टेड मोबाइल एप के जरिए संपर्क में रहते थे। जांच एजेंसी अब इनके डिजिटल नेटवर्क, डार्क वेब से संभावित संबंध और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
हनीट्रैप, अपहरण और भर्ती की थी जिम्मेदारी
एसटीएफ के अनुसार, अर्पिता की भूमिका कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों को हनीट्रैप में फंसाने और उनके अपहरण से जुड़े अभियानों में सहयोग करने की थी। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के जरिए नए लोगों की भर्ती करना भी उसकी जिम्मेदारियों में शामिल था

