राँची: राजधानी के बहुचर्चित एक्सट्रीम बार के डीजे संदीप प्रमाणिक हत्याकांड में करीब दो साल बाद अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। राँची सिविल कोर्ट के अपर न्यायायुक्त शैलेंद्र कुमार की अदालत ने सोमवार को मामले के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत कुल 10 आरोपियों को दोषी करार दिया।
अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर उन्हें दोषी ठहराया। अब मंगलवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी, जिसके बाद कोर्ट दोषियों को दी जाने वाली सजा का ऐलान करेगी।
यह मामला राजधानी में काफी चर्चित रहा था। डीजे संदीप प्रमाणिक की हत्या के बाद पुलिस ने जांच कर मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की सुनवाई पिछले करीब दो वर्षों से अदालत में चल रही थी।
सोमवार को अदालत के फैसले के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली सजा की सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें अदालत दोषियों को मिलने वाली सजा तय करेगी.

