चाईबासा:मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में खेत की जुताई के दौरान एक संदिग्ध मोर्टार शेल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. करीब 30 किलोग्राम वजन और लगभग दो फीट लंबे इस जंग लगे विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, सोनपोखरी गांव निवासी विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य चल रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो को मिट्टी के नीचे किसी भारी वस्तु के दबे होने का एहसास हुआ. जब मिट्टी हटाई तो वहां एक जंग लगा मोर्टार शेल जैसा पदार्थ दिखाई दिया. इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लोगों को दूर किया गया. बाद में सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम (BDDS) मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु की जांच की.
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने उक्त संदिग्ध मोर्टार शेल को अपने कब्जे में ले लिया है. उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ता (BDDS) द्वारा इसकी जांच की गई. रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घबराने या किसी प्रकार के खतरे की कोई बात नहीं है.
घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई थी. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और लोगों को अलर्ट कर दिया. प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों, जंगलों या अन्य स्थानों पर किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें.
इसके पहले 17 मार्च को पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सुवर्णरखा नदी किनारे 500 पाउंड के अमेरिकी बम मिला था. इसी इलाके में कुछ दिनों के बाद एक और बम देखा गया था.
