झारखंड के लातेहार जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के केबालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के आरा गांव में शुक्रवार की देर शाम एक हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार आरा गांव निवासी द्वारिका गंझु के तीन बच्चे 9 साल का माही कुमार, 6 साल की दीपिका कुमारी और 3 साल का आर्यन कुमार गांव के पास पत्थर (फायरक्ले) निकालने के लिए सालों पहले खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में नहाने गए थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के बाद डॉक्टर ने मृतक घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीण बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. दयानंद कुमार ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ डूबे तीनों बच्चे
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह गड्ढा कई वर्षों पुराना है, जिसमें हमेशा पानी भरा रहता है। इसी गड्ढे में नहाने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना स्थल एनटीपीसी द्वारा निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के समीप स्थित है। मृतक बच्चों के पिता द्वारिका गंझु तेतरियाखांड कोलियरी में सीसीएल कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीनों बच्चे सिजेरियन ऑपरेशन से जन्मे थे। एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इलाके में शोक का माहौल
इस हृदयविदारक घटना के बाद आरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। वहीं घटना की सूचना पाकर बालूमाथ प्रभारी थाना प्रभारी अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार व देवेंद्र सिंह ने बालूमाथ अस्पताल परिसर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जाएगा।

