रांची: फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा जारी “सर्वश्रेष्ठ उपायुक्त 2026” सर्वेक्षण में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को देश के बेहतरीन जिला अधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। इस सर्वेक्षण में देशभर के 800 जिलों में कार्यरत अधिकारियों के कामकाज का मूल्यांकन किया गया था।
सर्वे में रांची डीसी को शीर्ष 100 अधिकारियों में स्थान दिया गया है। वहीं झारखंड से आदित्य रंजन (धनबाद), दिनेश कुमार यादव (गढ़वा), रवि आनंद (जामताड़ा), आर. रोनिता (खूंटी) और हेमंत सती (साहिबगंज) को भी इस सूची में जगह मिली है।
प्रशासनिक कार्यशैली और जमीनी काम के आधार पर हुआ चयन
फेम इंडिया और एशिया पोस्ट की एजेंसी द्वारा किए गए इस सर्वेक्षण में अधिकारियों के कार्यों का गहन अध्ययन किया गया। इसमें मीडिया विश्लेषण, प्रशासनिक उपलब्धियां, जनता के बीच छवि और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों को आधार बनाया गया।
प्रारंभिक सूची में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। अंतिम चयन के बाद चुनिंदा जिलाधिकारियों को फेम इंडिया पत्रिका में विशेष स्थान दिया जाएगा।
जनता दरबार से लोगों की समस्याओं का कर रहे समाधान
रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की कार्यशैली को लेकर लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वे प्रत्येक सोमवार को अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और कई मामलों में ऑन द स्पॉट समाधान भी करवाते हैं।
इसके अलावा जिले के प्रखंड और अंचल कार्यालयों में भी लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक पारदर्शिता और तेज कार्यशैली को लेकर वे लगातार चर्चा में रहते हैं।
बिहार के डीएम रहे पहले पायदान पर
इस सर्वेक्षण में पटना के डीएम डॉ. थियागराजन एस.एम. को पहला स्थान मिला है। वहीं दरभंगा, समस्तीपुर और पूर्णिया के जिलाधिकारियों को भी प्रमुख स्थान दिया गया है।
इसके अलावा राजस्थान की चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी, उत्तर प्रदेश के रविंद्र कुमार और लखनऊ के विशाख जी अय्यर समेत कई चर्चित अधिकारियों के नाम सूची में शामिल हैं।
झारखंड के इन उपायुक्तों को मिली जगह
झारखंड से जिन अधिकारियों को इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया है, उनमें शामिल हैं:
- आदित्य रंजन (धनबाद)
- दिनेश कुमार यादव (गढ़वा)
- मंजूनाथ भजन्त्री (रांची)
- रवि आनंद (जामताड़ा)
- आर. रोनिता (खूंटी)
- हेमंत सती (साहिबगंज)

