झारखंड के पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने ही 60 वर्षीय पिता की हसुआ से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
बहाने से पिता को घर बुलाया, फिर हो गया विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिवाकर सरदार एक मिठाई दुकान में काम करते थे और ज्यादातर वहीं रहते थे। मंगलवार रात उनका बेटा अनूप सरदार उन्हें किसी बहाने से घर बुलाकर लाया था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से और नशे की हालत में अनूप सरदार ने घर में रखे हसुआ से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई।

