जमशेदपुर: Jamshedpur के Tatanagar Railway Station पर बुधवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी एक मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे तेज धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलस गया। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट की है। बताया जा रहा है कि युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आते ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। युवक गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
इधर, घटना के बाद पुलिस और RPF मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने मालगाड़ी पर चढ़ने की कोशिश की।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घायल युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त प्लेटफॉर्म पर इस तरह की घटना होना सुरक्षा प्रबंधन में चूक की ओर इशारा करता है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।

