चतरा: झारखंड के चतरा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया है। यह कार्रवाई इटखोरी थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित भुरकुंडा जंगल मैदान में की गई। इस तरह से पुलिस ने ‘उड़ता चतरा’ बनाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
इलाके में ब्राउन शुगर की खबर मिली थी
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
एक संदिग्ध को पकड़ा को मिला 15 लाख का ड्रग्स
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 30.31 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी के नेटवर्क में संपर्क के लिए किया जा रहा था।
ड्रग्स तस्कर अशोक पासवान गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ये भी पता लगा रही है कि इस ड्रग्स को कहां से लाया गया और कार्टेल के पीछे का असल चेहरा कौन है।

