गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से सुरक्षा गार्ड और कथित कोयला चोरों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। पुलिस द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात सुरक्षा गार्ड और कोयला चोरों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि 6 सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के कमांड एरिया में स्थित एक ‘कोयला साइडिंग’ पर हुई। बताया जा रहा है कि देर रात यहां बड़ी संख्या में लोग कोयला चोरी के इरादे से पहुंचे थे।
‘कोयला चोरी के लिए पहुंचे थे 100 लोग’
SDPO जीतवाहन उरांव ने बताया कि झड़प के दौरान एक ग्रामीण की मौत हो गई और उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में 6 सुरक्षा गार्ड भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज CCL अस्पताल में चल रहा है। परियोजना के प्रबंधक राम सागर ने आरोप लगाया कि करीब 100 लोग मौके पर कोयला चोरी करने के लिए पहुंचे थे, जिनमें अधिकतर स्थानीय निवासी थे। उन्होंने बताया, ‘जब सुरक्षा गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया और गार्ड्स पर हमला कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही सभी हमलावर वहां से भाग गए।’
ग्रामीणों ने सुरक्षाबलों पर लगाए आरोप
वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का अलग ही आरोप है। ग्रामीणों ने कोयला परियोजना स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि सुरक्षा गार्ड्स की कार्रवाई में ही एक ग्रामीण की जान गई है। इस आरोप के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सच्चाई का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी।

