Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। यहां बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासु का असर झारखंड में भी पड़ेगा। राज्य के 20 जिलों में अगले तीन दिन बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर शेष सभी जिलों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी। कोल्हान और संताल के सभी जिलों समेत रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा में तकरीबन सभी जिलों में हल्की बारिश होगी। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तीन नवंबर को कोल्हान और संताल के सभी जिलों और रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ में बारिश होगी। चार नवंबर को कोल्हान के सभी जिले और रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा में हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तूफान का असर पांच नवंबर के बाद कमजोर होगा। इससे बारिश भी बंद हो जाएगी।
आज आंध्र से टकराएगा चक्रवात
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मुरासु सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह चार बजे के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। तूफान के चलते तेज हवाएं, आंध्र, तमिलनाडु और ओडिशा में सतर्कता बढ़ा दी गई है। चेन्नई और तिरुवल्लूर में सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहे।

