पलामू: JTET का प्रश्न पत्र लेकर भाग रहे एक पारा शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है. और उसे जेल भेजा जा रहा है. पारा शिक्षक के खिलाफ पलामू के पाटन में एफआईआर भी दर्ज की गई है.
दरअसल, रविवार 1 नवंबर को पूरे झारखंड में JTET की परीक्षा आयोजित की गई थी. पलामू के पाटन में आरके मिडिल स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था. यहां परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र मिलने के कुछ ही मिनट बाद केंद्र से बाहर निकल गया. वह अपने साथ प्रश्न पत्र लेकर जा रहा था. जैसे ही वहां ड्यूटी पर तैनात शिक्षक एवं दंडाधिकारियों की उसपर नजर पड़ी, उन्होंने उसे पकड़ लिया.
पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान गढ़वा के पाचाडूमर के रहने वाले सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई है. वह पारा शिक्षक है. रविवार की देर रात ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. जिसके बाद, आधिकारिक तौर पर पारा शिक्षक सुशील कुमार पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया.
पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पूरे मामले में पारा शिक्षक के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है और आगे छानबीन की जा रही है.
गिरफ्तार पारा शिक्षक गढ़वा के इलाके में तैनात है और रविवार को परीक्षा देने के लिए पलामू पहुंचा था. पूरे मामले में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पारा शिक्षक से पूछताछ की है.
