रांची। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर है। अब ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा नहीं मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जोनल रेलवे को इस समयावधि में कोचों के मोबाइल चार्जिंग पॉइंट अनिवार्य रूप से बंद रखने का निर्देश दिया है। इस आदेश में किसी भी तरह की छूट नहीं देने की बात कही गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे का फैसला
रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। निर्देश के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जाएंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का सख्ती से पालन किया जाए और निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग की सुविधा चालू नहीं रखी जाए.
सभी जोनल रेलवे को जारी हुआ पत्र
रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (विद्युत इंजीनियरिंग) शोभित गुप्ता ने 26 अक्टूबर को सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी किया है। पत्र में निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। रेलवे बोर्ड ने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है।
यात्रियों को बदलनी होगी अपनी तैयारी
रेलवे के इस फैसले के बाद रात में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने मोबाइल की बैटरी और चार्जिंग की व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारी करनी होगी। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि ट्रेन में सवार होने से पहले अपने मोबाइल को पर्याप्त चार्ज कर लें, ताकि रात के दौरान मोबाइल की बैटरी खत्म होने पर परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे बोर्ड के निर्देश का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। ऐसे में यात्रियों को भी रेलवे के नियमों का पालन करते हुए अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।

