गिरिडीह: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी गहरे मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री रविवार को दिन के करीब 12 बजे रांची से गिरिडीह पहुंचेंगे और दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देंगे।
परिवार और सरकार की ओर से सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम करीब चार बजे गिरिडीह के नरसिंह घाट पर सुदिव्य सोनू की अंत्येष्टि की जाएगी।
बताया गया है कि अंतिम संस्कार को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।
विधानसभा परिसर नहीं लाया जाएगा पार्थिव शरीर
सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए झारखंड विधानसभा परिसर लाने की कोई योजना नहीं है। अंतिम संस्कार गिरिडीह के नरसिंह घाट पर ही किया जाएगा।
सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

