Jharkhand SIR: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम जारी है। आशंका जताई जा रही है कि पाकुड़ में बांग्लादेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। इस आशंका के तहत चुनाव आयोग ने जांच का निर्देश दिया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ और साहिबगंज के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी को पत्र लिख कर पांच दिनों में रिपोर्ट तलब की है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आदिवासी कल्याण समिति, पाकुड़ के अध्यक्ष बरसन किस्कू ने परिवाद पत्र दायर किया था, जिसमें आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जा कर मतदाता सूची में गड़बड़ी से संबंधित आरोप हैं। इस पर समुचित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया था।
पत्र में कहा गया है कि आठ महीने बीतने के बाद भी इस मामले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर से कार्रवाई की कोई सूचना नहीं मिली है। ऐसा लग रहा है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से शिथिलता बरती जा रही है, जबकि यह पूरा मामला गैर भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने से संबंधित है। ऐसे में इस मामले में वर्तमान स्थिति और की गई कार्रवाई से एक सप्ताह के अंदर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को अवगत कराएं।
भारत निर्वाचन आयोग से की थी शिकायत
आदिवासी कल्याण समिति, पाकुड़ के अध्यक्ष बरसन किस्कू ने भारत निर्वाचन आयोग से आदिवासी जमीन के अवैध रूप से कब्जा के संबंध में शिकायत की थी। भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी थी।

