रांची समेत पूरे राज्य में सक्रिय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि पश्चिमी बंगाल और उत्तरी ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
जिस कारण अगले 24 घंटों के दौरान यह प्रणाली झारखंड और उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।
विशेषकर राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरखावां के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि पूरे राज्य में 28 अगस्त तक पूरे राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 25 से 28 अगस्त तक सामान्यत: आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के लगभग सभी स्थानों हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्रों तथा पश्चिम बंगाल तथा उससे सटे ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली और 60 किमी प्रति घंटे तक के झोंकों वाली तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।

