रांची: झारखंड की औद्योगिक पहचान रहे हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) लिमिटेड के पुनरुद्धार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में HEC के रिवाइवल के लिए गठित 6 सदस्यीय केंद्रीय संसदीय उप-समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड रांची में हुई इस बैठक के दौरान HEC की वर्तमान परिस्थितियों और इसके पुनरुद्धार से जुड़ी भविष्य की कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में HEC को फिर से मजबूत और सक्रिय बनाने की संभावनाओं के साथ-साथ आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय संसदीय उप-समिति के सदस्यों के बीच HEC की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के पुनरुद्धार के लिए संभावित कदमों और भविष्य की योजनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय उप-समिति के अध्यक्ष-सह-सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद तिरुची शिवा, राज्यसभा सांसद सुलता देव, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद हंसमुखभाई सोमाभाई पटेल और सांसद चंदन चौहान उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि रांची स्थित HEC लंबे समय से विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में इसके पुनरुद्धार को लेकर केंद्रीय संसदीय उप-समिति और राज्य सरकार के बीच हुई यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आने वाले दिनों में HEC के भविष्य और पुनरुद्धार की दिशा में आगे की कार्ययोजनाओं पर नजर रहेगी।

