रांची: मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को राजधानी रांची में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस को लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन रांची जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर 27 जून को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालय बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और संभावित ट्रैफिक जाम एवं असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षा निर्धारित है, उन्हें विशेष परिस्थिति में परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी गई है। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को परीक्षा आयोजित करने से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), रांची को पूर्व सूचना देनी होगी।
प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग करें।
मोहर्रम के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की भी अपील की गई है।

