जिंगी: आजसू पार्टी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक कमल किशोर भगत का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जिंगी में शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ किया गया. शव यात्रा में भारी संख्या में लोग मौजूद थे. सुबह दस बजे के बाद अंतिम दर्शन के लिए कमल किशोर भगत का शव रखा गया था. अंतिम दर्शन तथा श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद शव यात्रा घर से दोपहर दो बजे निकली.
आजसू के पू्र्व विधायक कमल किशोर भगत के पैतृक गांव जिंगी स्थित शमसान घाट पर पारंपरिक तरीके से श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद शोक सभा का आयोजन किया गया. शोक सभा के बाद शव को दफनाया गया. इससे पहले पूर्व विधायक कमल किशोर भगत को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार को लेकर जिला बल के जवानों ने हथियार झुकाते हुए नमन किया. जवानों ने कमल किशोर भगत को अंतिम सलामी दी.
अंतिम संस्कार के मौके पर कमल किशोर भगत (lohardaga kamal kishore died) को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए सांसद सुदर्शन भगत, आजसू सुप्रीमो सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, आजसू के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक उमाशंकर रजक, उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, एसडीओ अरबिंद कुमार लाल, एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, इंस्पेक्टर चंद्रमोहन हांसदा, आजसू केन्द्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, भैरव सिंह सहित अन्य शामिल थे.

