हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस लाइन में बुधवार की देर रात गोली चलने से जवान राजकुमार महतो की मौत हो गई। वह चतरा के हटरगंज के रहने वाले थे। अब तक की जांच के मुताबिक देर रात ड्यूटी से वापस लौटने के बाद हथियार जमा करने के दौरान जवान से गलती से गोली चल गई। इसमे मौके पर उसकी मौत हो गई। हालांकि जवान के मौत की सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।जवान को बुधवार को लोक लेखा समिति की सुरक्षा में ड्यूटी पर लगाया गया था। राजकुमार महतो 2008 बैच का सिपाही था। होमगार्ड में नौकरी के दौरान ही उसने पुलिस विभाग में योगदान दिया था। जवान के शव को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। वरीय अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस लाइन में मौजूद रहे दूसरे जवानों व अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बारे में जवान के परिवार वालों को जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। अब तक की पूछताछ में पता चला है कि जवान बेहद सरल स्वभाव का व्यक्ति था। दूसरे साथी उसे काफी पसंद करते थे। अपने काम को लेकर वह हमेशा मुस्तैद रहता था। अधिकारियों ने जांच के लिए जवान के सेवाकाल का ब्यौरा तलब किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद चतरा में जवान के घर पर मातम छाया हुआ है। परिवार के लोगों का बुरा हाल है। सूचना मिलने के साथ ही परिवार के लोग शव को लेने के लिए हजारीबाग रवाना हो गए हैं। कुछ स्थानीय लोग साथ गए हैं। जवान की मौत की सूचना के बाद पूरे इलाके में गम का माहौल है। कई लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा कि रामकुमार अब उनके बीच नहीं रहे। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए कई लोग घर पहुंच गए हैं।

