रांची: झारखंड की शिक्षा व्यवस्था पर इस सत्र में भी कोरोना का साया रहेगा। अभी तक राज्य के प्राथमिक और मिडिल स्कूलों पर ताला लटका है। इस कारण झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) ने एक बार फिर पहली से 12वीं कक्षा तक के सिलेबस में कटौती का निर्णय लिया है।
JEPC के डायरेक्टर शैलेश कुमार चौरसिया ने बताया- ‘इस बार 25% तक सिलेबस में कटौती की जाएगी। तैयारी शुरू हो गई है। इस महीने के अंत तक सिलेबस जारी कर दिया जाएगा। नए सिलेबस के आधार पर पहली से 12वीं तक की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा’।
JCERT के शिक्षक सिलेबस घटाने पर लेंगे फैसला
उन्होंने बताया- ‘सिलेबस को कम करने का निर्णय एक्सपर्ट की तरफ से लिया जाएगा। इसमें विषयवार शिक्षकों की कमेटी बनाई जाएगी। इनकी ओर से दिए गए सुझावों पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से दो बिन्दुओं पर फोकस किया जाएगा’।
- जिसकी पढ़ाई पिछली कक्षा में हो गई है, अगली कक्षा में उसका दोहराव न हो।
- ऐसे टॉपिक जिन्हें हटाने से पढ़ाई में किसी प्रकार की हानि न हो।
पिछले सत्र में सिलेबस में 40% की हुई थी कटौती
चौरसिया ने बताया- ‘इस सत्र के सिलेबस का पिछले साल के सिलेबस से कोई संबंध नहीं रहेगा। यह पूरी तरह नए सिरे से तैयार किया जाएगा। पिछले सत्र के सिलेबस में 40% की कटौती की गई थी, लेकिन इस बार विभाग की पूरी कोशिश है कि बच्चों की पढ़ाई का ज्यादा नुकसान न हो’।

