जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में बुधवार को आउटसोर्स पर कार्यरत लगभग 30 से 40 नर्सों को आउटसोर्स एजेंसी के द्वारा हाजिरी बनाने से मना कर दिया गया। इससे सभी नर्सों को लगा कि एजेंसी के द्वारा उन सभी को हटा दिया गया। जिसके बाद वे लोग इस संबंध में बात करने के लिए अस्पताल के अधीक्षक डॉ अरुण कुमार के पास पहुंची।
वहीं अधीक्षक ने इस संबंध में अभिनव इंटरप्राइजेज आउटसोर्स एजेंसी के संचालक से बात की। संचालक ने बताया कि एमजीएम में काम करने वाले सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का बायोडाटा के साथ अन्य प्रमाण पत्र जमा लिया गया है और जिसकी जांच की जा रही है। जिसके कारण इन लोगों को हाजिरी बनाने से रोका गया था, ना कि काम से हटाया गया है। वहीं अधीक्षक ने नर्सों को जाकर हाजिरी बनाने के लिए कहा। जिसके बाद सभी नर्सों ने जाकर अपना हाजिरी बनाया। अधीक्षक ने उन सभी को आश्वासन दिया है कि किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जायेगा।

