झारखंड में उच्च शिक्षा में कई स्तरों पर छात्रों से अधिक छात्राओं का नामांकन हुआ है। पिछले पांच वर्षों में छात्राओं के नामांकन में अधिक वृद्धि भी दर्ज की गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा उच्च शिक्षा पर जारी अखिल भारतीय सर्वेक्षण-2023-24 की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड उन 10 टॉप राज्यों में सम्मिलित है, जहां उच्च शिक्षा में छात्रों से अधिक छात्राएं नामांकित हैं.
झारखंड में सर्वेक्षण अवधि में उच्च शिक्षा में 4.5 लाख छात्र नामांकित थे, वहीं नामांकित छात्राओं की संख्या 4.7 लाख थी। उच्च शिक्षा के जिस स्तर पर नामांकित छात्रों की संख्या से अधिक छात्राओं की संख्या है, उनमें स्नातक और स्नातकोत्तर सम्मिलित हैं। इन दोनों प्रमुख स्तर पर छात्रों से अधिक छात्राओं का नामांकन हुआ है। अन्य सभी स्तर पर छात्राओं से अधिक छात्रों का नामांकन हुआ है।
छात्राें के नामांकन में लगभग 40 हजार की वृद्धि
स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर विद्यार्थियों की संख्या अधिक होती है, इसलिए कुल नामांकन में छात्राओं का नामांकन अधिक हो सका है। पिछले पांच वर्षों की बात करें तो स्नातक स्तर पर छात्रों के नामांकन में लगभग 22 हजार की ही वृद्धि हुई है, जबकि छात्राें के नामांकन में लगभग 40 हजार की वृद्धि दर्ज की गई है।
पीएचडी में भी जहां छात्रों के नामांकन में जहां 400 से भी कम वृद्धि हुई है, वहीं छात्रों के नामांकन में यह वृद्धि लगभग 900 है।

