रांची : बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने एक सितंबर को रांची समेत राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना: गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दो, तीन और चार सितंबर को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
इधर, सोमवार को राजधानी रांची में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। देर शाम भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। रांची में करीब 13 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
*महुआडांड में 171 मिमी बारिश*
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 171 मिमी बारिश लातेहार के महुआडांड में दर्ज की गयी। इसके अलावा डुमरिया में 112.2 मिमी, मझगांव में 95.4 मिमी, चाकुलिया में 92.4 मिमी और मुसाबनी में 80.2 मिमी बारिश हुई।
वहीं, लोहरदगा में 41 मिमी, जमशेदपुर में 49 मिमी और चाईबासा में 29.3 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

