शहर के चर्चित डीडी बार के सामने हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड और प्रत्युष आनंद पर जानलेवा हमले के मामले में जांच अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है।
लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी राहुल दुबे ने शुक्रवार को नाटकीय अंदाज में बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर के तुरंत बाद इसकी जानकारी इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो गई, जिससे पूरे मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, सोनारी निवासी राहुल दुबे के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह रविदास गिरोह से जुड़ा हुआ बताया जाता है।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि हिमांशु सिंह की हत्या वाले दिन राहुल दुबे अपने साथियों के साथ डीडी बार में मौजूद था। इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक 12 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है।
मामले की तह तक पहुंचने के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस अब डीडी बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह तथा मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से हत्या की साजिश, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

