रांची: राजधानी रांची स्थित लोक भवन में आज जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति, धुर्वा के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने 16 जुलाई को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव में शामिल होने के लिए राज्यपाल को औपचारिक आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के प्रथम सेवक-सेवायत श्री ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने किया। उनके साथ समिति के सचिव श्री प्रसन्न कुमार, सदस्य श्री कमल ठाकुर एवं श्री गोपाल उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान समिति के सदस्यों ने राज्यपाल को रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जगन्नाथपुर मंदिर की रथ यात्रा झारखंड की प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं।
समिति ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे 16 जुलाई को आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करें। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आमंत्रण के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि रांची का जगन्नाथपुर मंदिर अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। यहां आयोजित होने वाली वार्षिक रथ यात्रा राज्य की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए शामिल होते हैं। इस अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और उत्सव के रंग में सराबोर रहता है।

