पटना:बिहार के भोजपुर में हुए भारत तिवारी एनकाउंटरमामले को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 30 जून यानी मंगलवार को सुनवाई करेगा. यह सुनवाई जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की पीठ करेगी. वहीं मामले में राष्ट्रपति सचिवालय ने दिए कार्रवाई के निर्देश दिए है.
भरत तिवारी केस, राष्ट्रपति के पास पहुंचा मामला:भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर केस अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गया है. सुप्रीम कोर्ट के वकील संजीव कुमार सिंह द्वारा 24 जून को भेजे ईमेल पर राष्ट्रपति सचिवालय ने संज्ञान लिया है. जिसके बाद सचिवालय की ओर से मामले में बिहार के मुख्य सचिव को मामले की जांच के निर्देश दिए गए है. साथ ही रिपोर्ट की प्रति याचिकाकर्ता को भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है.
”भरत तिवारी एनकाउंटर केस में कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय को ईमेल भेजकर एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी. इस संबंध में सोमवार को राष्ट्रपति सचिवालय से जवाब आया है, जिसमें राज्य के मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए गए है.”– संजीव कुमार सिंह, याचिकाकर्ता
भरत तिवारी एनकाउंटर पर SC में सुनवाई: सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने इस मामले में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की है. याचिका में कहा गया है कि निष्पक्ष जांच के लिए इस मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपा जाना चाहिए. इसके साथ ही याचिका में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की भी मांग की गई है.

