ईरान और अमेरिका (Iran-US Deal) के बीच डील की बढ़ती उम्मीदों के चलते भारतीय शेयर जोरदार तेजी के साथ खुले हैं। डोनल्ड ट्रंप के एलान के बाद कच्चे तेल (Crude Prices) की कीमतों में तेज गिरावट आई है और इसका पॉजिटिव असर शेयर मार्केट पर देखने को मिल रहा है। बेंचमार्क इंडेक्स Nifty50, डेढ़ फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 23984 के स्तर पर खुला, जबकि Sensex करीब 1200 प्वाइंट की मजबूती के साथ 76725 पर ओपन हुआ है।
दरअसल, US और ईरान के अधिकारियों के बीच एक फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर सहमति बनने की खबर के बाद ग्लोबल मार्केट में तेज़ी आई है। इस समझौते का मकसद संघर्ष को खत्म करना और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को फिर से खोलना है, जो ग्लोबल एनर्जी शिपमेंट के लिए एक अहम रास्ता है। US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि समझौते में इस अहम समुद्री रास्ते को फिर से खोलना शामिल है, जबकि ईरानी अधिकारियों ने शांति के लिए एक बड़े समझौते की दिशा में हुई प्रगति की पुष्टि की.
Nifty50 के टॉप गेनर और लूजर
बाजार में जारी तेजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि निफ्टी50 के 46 शेयरों में बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है सिर्फ 4 शेयरों में ही बिकवाली हावी है। निफ्टी के टॉप गेनर में श्रीराम फाइनेंस, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, इंडिगो, बजाज फाइनेंस और इटरनल शामिल हैं। वहीं, लूजर में सिप्ला, ओएनजीसी, अपोलो हॉस्पिटल, सनफार्मा, एनटीपीसी शामिल हैं।
कच्चे तेल में गिरावट
उधर, इस डील के लंबे समय तक सप्लाई में रुकावट की आशंका कम होने से तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई। ब्रेंट क्रूड 4 प्रतिशत गिरकर लगभग $83.80 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि US क्रूड 4.7 प्रतिशत गिरकर लगभग $80.90 प्रति बैरल पर पहुंच गया। शुक्रवार को ही दोनों बेंचमार्क में 3 प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट आई थी और अब ये मार्च के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं।

