रांचीः झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने के लिए दोनों गठबंधन में विचार-विमर्श का सिलसिला जारी है। इस बीच झारखंड भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से तीन संभावित नामों की लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी गई है। जबकि जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन में भी अभी तक सीट शेयरिंग का फार्मूला तय नहीं हो पाया है।
झारखंड बीजेपी के 4 बड़े नेता दिल्ली पहुंचे
नयी दिल्ली में रविवार को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस हाईप्रोफाइल बैठक के पहले झारखंड बीजेपी की ओर से तीन संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी गई। वहीं पार्टी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।
बीजेपी उम्मीदवार को 4 वोट का करना होगा जुगाड़
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि अगले एक-दो दिनों में बीजेपी की ओर से झारखंड में एक सीट के लिए अपने आधिकारिक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। हालांकि आंकड़ों की बाजीगरी पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। राज्यसभा सीट पर जीत दर्ज करने के लिए प्रथम वरीयता के 28 वोटों की आवश्यकता है, फिलहाल एनडीए के पास कुल 24 मत ही मौजूद हैं, जो जीत के जादुई आंकड़े (28) से चार कम हैं। ऐसे में बहुमत का पर्याप्त आंकड़ा न होने के बावजूद भाजपा की ओर से उम्मीदवार उतारने के फैसले से झारखंड की राज्यसभा चुनाव की जंग बेहद दिलचस्प हो गयी है।

