झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की देर शाम अचानक उमड़-घुमड़ आए काले बादल खूब बरसे। आज भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
करीब एक घंटे की वर्षा ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। नालों से गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगा और राहगीराें को पैदल चलने में भी परेशानी हुई।
हालांकि, इस वर्षापात ने रांची समेत आसपास के जिलों का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया है, जो कि कुछ दिन पूर्व तक 42 के पार हो चुका था।
कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी jharkhand Weather Forecast में बताया गया कि 5 मई को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, इन जिलों के साथ साथ राज्य के शेष हिस्सों के लिए 10 मई तक बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ तेज हवा के बहने को ले लेकर अपडेट जारी किया गया है, जिसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश ने मचाई तबाही
वहीं, जबरदस्त आंधी तूफान और वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। तेज हवा का असर इतना था कि शहर के कई हिस्सों में पेड़ टूटकर गिर गए और टहनियां सड़कों पर बिखर गईं।
तेज हवा के साथ वर्षापात ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। कई जगहों पर बरसाती पानी के बहाव के कारण नालियां ओवरफ्लो हो गईं और नाले का गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगा। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी बुलेटिन में आमजनों से बिजली गिरने को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।

